इंद्रावती टाइगर रिजर्व से छह शिकार संदिग्ध गिरफ्तार, वन्यजीव मांस और सामग्री जब्त
बीजापुर जिले के इंद्रावती टाइगर रिजर्व अंतर्गत पासेवाड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम नीतिकाकलेर में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर वन विभाग ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से वन्यजीव का मांस और शिकार में इस्तेमाल की गई सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक तौर पर बरामद मांस के नीलगाय का होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक और वैज्ञानिक पुष्टि के लिए फॉरेंसिक डीएनए जांच के नतीजे आने बाकी हैं। मामले में फिलहाल मृत पशुओं की सटीक संख्या और शिकार के वास्तविक स्थान का खुलासा नहीं हुआ है।
गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। घटना के बाद वन विभाग ने पासेवाड़ा सहित इंद्रावती टाइगर रिजर्व के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, निगरानी और सूचना-तंत्र को और अधिक मजबूत कर दिया है।